ग्वालियर

पुलिस ने एक स्थानीय नागरिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। कार सवार बदमाश कौन थे और उनका इस तरह गोलियां चलाने का मकसद क्या था?, यह अभी पता नहीं चल सका है। पुलिस मामले की पड़ताल कर रही है।
शहर के उपनगर मुरार स्थित जड़ेरुआ बांध के पास आरकेएस पुरम निवासी 58 वर्षीय चन्द्रप्रकाश सिंह राजावत ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात वह अपने घर के बाहर खड़े थे। आसपास कुछ लोग एकत्रित थे, जो आपस में बातचीत कर रहे थे। तभी रात करीब 8 बजे एक टाटा नेक्सन कार में सवार लोग वहां से गुजरे।
कार सवारों ने बिना उतरे ही कार की विंडो से राइफल निकाली और इससे पहले कि आसपास खड़े लोग कुछ समझ पाते, उन्होंने 3 से 4 फायर कर दिए। फायरिंग होते ही जिसे जहां जगह मिली, वह वहीं छिप गया। लोगों को यह समझ नहीं आया कि कार सवारों ने फायरिंग किस उद्देश्य से की। कार सवारों ने बिना रुके और उतरे फायरिंग की, जिससे कोई भी यह नहीं समझ पाया कि आखिर उन्होंने गोलियां क्यों चलाईं और उनका टारगेट क्या था।
जिस समय यह घटना हुई रात को 8 बजे हुए थे। आसपास इलाके में महिलाएं-बच्चे घर के बाहर खड़े थे। लोग आपस में बातचीत कर रहे थे, लेकिन अचानक गोलियों की आवाज से वहां अफरा-तफरी मच गई। बच्चे और महिलाएं घर के अंदर घुस गए। कुछ लोगों ने टाटा नेक्सन कार सवारों का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
घटना की जांच की रही पुलिस टीम भी हैरान है कि हमलावर कौन थे और उनका मकसद क्या था?। यह किसी को नहीं पता है। पुलिस ने एक स्थानीय नागरिक की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है, लेकिन स्पॉट पर लगे एक CCTV कैमरे में जरूर बदमाश गोलियां चलाते नजर आ रहे हैं।
एएसपी निरंजन शर्मा ने बताया--मामला दर्ज कर मुरार थाना पुलिस जांच कर रही है। CCTV कैमरे के फुटेज से ही आरोपियों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।